बाघमारा। बरोरा क्षेत्र में स्वच्छता ही सेवा – 2025 कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित सीटीयू (जॉगर्स पार्क, हरिना बागान कॉलोनी) में शुक्रवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पूरे पार्क की साफ-सफाई के साथ सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया गया।अभियान का नेतृत्व महाप्रबंधक पीयूष किशोर ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संदेश देते हुए कहा कि श्रमदान के माध्यम से हम सभी अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं। इसके उपरांत सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने मिलकर स्वच्छता शपथ भी ली।महाप्रबंधक पीयूष किशोर ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी और श्रमदान करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मियों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक जी.के. मेहता, सभी विभागाध्यक्ष सहित 50 से अधिक कर्मी उपस्थित थे।स्वच्छता अभियान के बाद प्रतिदिन की तरह सुबह की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पूरे दिन के कार्य लक्ष्यों को निर्धारित किया गया। बैठक में सीखने और कार्यों को ऊर्जावान बनाने के उपायों पर चर्चा करते हुए महाप्रबंधक ने इस कार्यक्रम के महत्व को भी रेखांकित किया।
