Ranchi: भारत विविधताओं में एकता का देश है,जहाँ प्रत्येक पर्व प्रेम,सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल,राँची में प्राथमिक एवं माध्यमिक शाखाओं द्वारा विविध गतिविधियों के माध्यम से उत्सव एवं खेल भावना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
विद्यालय के प्राथमिक वर्ग में क्रिसमस एवं आगामी नववर्ष का समारोह अत्यंत हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया,जिससे संपूर्ण वातावरण उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों की मनोहारी प्रस्तुतियों से हुआ। जूनियर हेड बॉय योग्या वर्मा द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात ईईडीपी (EEDP) के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत एक्शन सॉन्ग, मूल्य आधारित नाटिका तथा कक्षा तृतीय से पंचम के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक एस. एम. अज़ीम नृत्य करते हुए सैंटा क्लॉज़ की वेशभूषा में बच्चों के बीच पहुँचे और चॉकलेट वितरित कर उनके चेहरों पर खुशियाँ बिखेर दीं। विद्यालय के प्राचार्य सह-सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखण्ड ज़ोन-जी, बिपिन राय ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए क्रिसमस की सच्ची भावना—प्रेम, सेवा, सहयोग एवं सद्भाव—को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। प्राथमिक शाखा की प्रभारी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षकों के समर्पित प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का समापन जूनियर सांस्कृतिक हेड बॉय अद्विक राठौर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन जूनियर हेड गर्ल प्रार्थना मिश्रा एवं मानस्वी ने किया।
इसी क्रम में आज ‘वीर बाल-दिवस’ के अवसर पर विद्यालय की माध्यमिक शाखा के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच एक रोमांचक Teachers Vs Students क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। क्रिकेट मैच की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य बिपिन राय द्वारा बल्लेबाज़ी करते हुए की गई, जिससे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा का संचार हुआ।पहले बल्लेबाज़ी करते हुए शिक्षकों की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 138 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्यार्थियों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 7 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। विद्यार्थियों की ओर से रिषु कुमार (कक्षा 9G) एवं अविनाश पांडेय ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए रिषु कुमार (9G) को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इन आयोजनों ने विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क को भी सुदृढ़ किया तथा विद्यालय परिसर में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। इस अवसर पर सुपरवाइजरी हेड बी. कार्तिक, अजंता कुमारी,अनुपमा रानी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित थे।
