ओरमांझी: लिम्फेटिक फाइलेरिया उन्मूलन MDA–IDA 2025 अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए ओरमांझी प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष एवं ओरमांझी पंचायत के मुखिया दीपक बढ़ाइक को बुधवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के वेक्टर बॉर्न डिजीज (VBD) कार्यक्रम पदाधिकारी ने उन्हें यह सम्मान पंचायत में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए किए गए उनके सक्रिय और प्रभावी प्रयासों के लिए दिया। अभियान के दौरान दीपक बढ़ाइक ने अपने पंचायत में सभी कर्मियों के साथ समन्वय बनाते हुए घर–घर जाकर दवा सेवन सुनिश्चित कराया, जागरूकता अभियान चलाया और स्वास्थ्य विभाग को हर स्तर पर सहयोग दिया। उनके प्रयासों से ओरमांझी क्षेत्र में अभियान की प्रगति उल्लेखनीय रही।
मुखिया दीपक बढ़ाइक ने कहा“फाइलेरिया उन्मूलन केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारे गांवों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा दायित्व है। मैंने अपने पंचायत के सभी कर्मियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी परिवार दवा सेवन से वंचित न रहे। यह सम्मान पूरे पंचायत की टीम का सम्मान है।”स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ऐसी जिम्मेदार और सक्रिय भूमिका राज्य को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लक्ष्य को मजबूत करती है।
