राज्यपाल ने कहा पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से करेंगे बातचीत
रांची। झारखंड में पत्रकारों के हित, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। संघ के प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र गिरी, जिलाध्यक्ष जावेद अख्तर एवं उपाध्यक्ष विनय मुर्मू ने पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, पत्रकारों एवं उनके आश्रित परिवारों के लिए बीमा योजना शुरू करने तथा पत्रकारों के लिए आवास योजना शुरू करने की मांग रखी। इसके अलावा पत्रकारों पर दर्ज मामलों की निष्पक्ष समीक्षा और पत्रकारिता के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान का मुद्दा भी उठाया गया।
मुलाकात के दौरान प्रोजेक्ट भवन में बिना आईडी कार्ड पत्रकारों के प्रवेश पर रोक के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान आवश्यक सुविधाएं और सुगम प्रवेश मिलना चाहिए, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के स्तर पर सकारात्मक पहल किए जाने का आग्रह किया। संघ ने कहा कि राज्य में पत्रकारों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके सामाजिक और आर्थिक हितों की रक्षा भी जरूरी है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों और पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकार हित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत करेंगे और उचित स्तर पर विषय को उठाएंगे।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ने राज्यपाल के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सरकार जल्द ठोस पहल करेगी।
