रांची : राजधानी रांची के प्रेस क्लब में रिजवान क्रांतिकारी और शमीम बढ़ियार के नेतृत्व में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न तंजीमों के जिम्मेदारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुस्लिम समाज की शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण, नशामुक्ति, सामाजिक एकता और राजनीतिक भागीदारी जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए रिजवान क्रांतिकारी ने कहा कि मुस्लिम समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा का प्रसार सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को नशे की लत से बचाने, समाज को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और ऐसा सक्षम नेतृत्व तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया, जो विधानसभा और सरकार के समक्ष समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठा सके। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन को 26 वर्ष पूरे हो चुके हैं और राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन मुस्लिम समाज अब भी कई क्षेत्रों में वंचित है। इस स्थिति को बदलने के लिए जल्द ही राज्य स्तरीय ‘तालीमी बेदारी कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया जाएगा।
शमीम बढ़ियार ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए झारखंड के सभी 24 जिलों में जिला कमेटियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा, नशामुक्ति और राजनीतिक जागरूकता को लेकर पूरे राज्य में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि समाज के लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक हो सकें। कैसर जमाल ने कहा कि मुस्लिम समाज में आपसी एकता (इत्तेहाद) की कमी महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और मजबूती के लिए सबसे पहले आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट होना होगा। एकता के बल पर ही समाज शिक्षा, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में बेहतर स्थान हासिल कर सकता है। बैठक में समाज के विभिन्न मुद्दों पर सुझाव भी लिए गए और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में रिजवान क्रांतिकारी, शमीम बढ़ियार, अब्दुल कादिर, अताउल्लाह, मंसूर आलम, शमशाद, कैसर जमाल, बब्बर सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, बुद्धिजीवी और विभिन्न तंजीमों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
