उर्दू के क्षेत्र में अंजुमन फ़रोग ए उर्दू का कार्य सराहनीय:शाह उमैर
राँची: अंजुमन फरोग ए उर्दू झारखंड की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को होटल शाह रेजीडेंसी कर्बला चौक, रांची में हुई, जिसमें अंजुमन फरोग ए उर्दू झारखंड के पांच साल पूरे होने पर पांच साल की रिपोर्ट पेश की गई। साथ ही नए पदाधिकारियों का चुनाव भी हुआ। कार्यक्रम में अंजुमन फरोग ए उर्दू झारखंड के जिला स्तरीय सदस्यों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जमीयत उलेमा झारखंड के सचिव शाह उमैर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत रामगढ़ से आए कारी अमीर हमजा द्वारा पवित्र कुरान की तिलावत से हुई। उसके बाद मुकर्रम हयात ने नात पाक पेश की और अंजुमन फरोग उर्दू का तराना पढ़ा। पूर्व अध्यक्ष के रूप में मुहम्मद इकबाल ने अंजुमन फरोग ए उर्दू झारखंड की पांच साल की रिपोर्ट पेश की, जिसमें उन्होंने बताया कि अंजुमन फरोग उर्दू ने इस अवधि के दौरान कई सेमिनार, कार्यशालाएं, साहित्यिक सत्र का आयोजन और लगभग 12,000 मैट्रिक और इंटर के छात्रों को प्रोत्साहित करके उर्दू को बढ़ावा देने का काम किया। इसके अलावा, विभिन्न विभागीय कार्यालयों में उर्दू को लागू करने का प्रयास किया गया। इस अवधि के दौरान, अंजुमन फरोग उर्दू द्वारा कई पुस्तकों का विमोचन भी किया गया । इस अवसर पर अंजुमन फरोग ए उर्दू के सचिव डॉ मुहम्मद गालिब नश्तर ने पांच साल की ऑडिट रिपोर्ट पेश की। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। डॉ मोहम्मद मुर्शिद, मोहम्मद मुनव्वर हुसैन और दिलशाद नजमी की देखरेख में चुनाव कराया गया। सर्वसम्मति से मोहम्मद इक़बाल को अध्यक्ष, डॉ. शाहनवाज़ खान नमकीन और डॉ. शगुफ़्ता बानो को उपाध्यक्ष, डॉ. मोहम्मद ग़ालिब नश्तर को महासचिव, डॉ. अब्दुल बासित और डॉ. कफ़ील अहमद को संयुक्त सचिव, मोहम्मद दानिश अयाज़ को कोषाध्यक्ष, मोहम्मद इमरान को मीडिया प्रभारी, मुकर्रम हयात और सरफ़राज़ आलम कादरी को सह मीडिया प्रभारी चुना गया। इनके अलावा कार्यकारिणी के सदस्यों का भी चुनाव किया गया। अध्यक्षीय भाषण के दौरान शाह उमैर ने कहा कि अंजुमन फ़रोग़ ए उर्दू झारखंड से बहुत उम्मीदें हैं, पूरी उम्मीद है कि यह अगले पाँच सालों में भी इसी तरह अपना काम करता रहेगा। डॉ. शगुफ़्ता बानो ने धन्यवाद ज्ञापन पेश किया।
