नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रह्लाद जोशी ने कहा कि वह इस दायित्व को विनम्रता और कर्तव्यभाव के साथ स्वीकार करते हैं तथा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पूरी क्षमता से काम करने का प्रयास करेंगे। शिक्षा मंत्रालय का कार्यभार मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने मुझे एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मैं इसे विनम्रता और कर्तव्य भावना के साथ स्वीकार करता हूं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अपनी पूरी क्षमता के साथ सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई ऐतिहासिक पहल की गई हैं। जोशी ने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए हैं और वह इन सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
