रांचीः प्रदेश भाजपा की कमान नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आज शुक्रवार को संभाल ली है. सरस्वती पूजा के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आदित्य साहू ने प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया. निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को पूजन-हवन के बाद पदभार ग्रहण कराया. पदभार ग्रहण करने से पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हुआ. जिसमें नए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आदि नेताओं ने हवन कर मंगलकामना की. इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय गणेश वंदना गूंज उठा. इस मौके पर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को जिस तरह से प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है उससे मैं अभिभूत हूं. उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उन्हें पार्टी की ओर से जो जिम्मेदारी दी गई थी उसे वह पूरा करने की कोशिश करते रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी ईमानदारी से निभाऊंगा और संगठन के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा. उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जिस उम्मीद के साथ अटल बिहारी वाजपेयी ने इस राज्य को बनाया था आज उसे धूल धूसरित करने का काम आज सत्ता में बैठे लोग कर रहे हैं. आज राज्य में जो अन्याय और अत्याचार हो रहा है उसके खिलाफ बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को साथ में लेकर इसका विरोध करने का काम करेंगे.
