Ranchi: राँची विश्वविद्यालय में आज दिनांक 28 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्थापना दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं NSS लक्ष्य गीत के गायन से हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री शेखर जमुआर, IAS, खेल निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा – “राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक संगठन भर नहीं है, बल्कि यह समाज निर्माण की एक सशक्त धारा है। NSS युवाओं के भीतर न केवल सेवा भावना का विकास करता है, बल्कि उनमें अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को भी प्रखर बनाता है। आज के दौर में जब समाज अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है, तब NSS स्वयंसेवक ही वह शक्ति हैं जो सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। हमारे झारखंड के युवा आज पूरे देश में अपनी पहचान बना रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान अर्जित कर रहे हैं। यह हमारे राज्य के लिए गर्व का विषय है। NSS का मूल मंत्र ‘सेवा परमो धर्मः’ केवल शब्दों में नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक धारा है। NSS से जुड़कर युवा यह सीखते हैं कि सच्ची शिक्षा वही है, जो समाज और राष्ट्र की सेवा में रूपांतरित हो सके।
कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त करने वाले दीक्षा कुमारी एवं दिवाकर आनंद का विशेष सम्मान किया गया। दोनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि NSS ने उनके जीवन को नई दिशा दी है और उन्हें समाज के प्रति उत्तरदायित्व का गहरा बोध कराया है।
इसके अतिरिक्त NSS में उत्कृष्ट योगदान हेतु 07 कार्यक्रम पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया, जिनमें – डॉ. कुमारी उर्वशी (विशेष सम्मान),डॉ. भारती द्विवेदी,डॉ. पूनम कुल्लू, डॉ. हर्षिता सिन्हा,डॉ. अमित कुमार,डॉ. कंचन मुण्डा तथा डॉ. जय नारायण महतो के नाम चयनित हुए थे। साथ ही, कई स्वयंसेवकों को सर्वश्रेष्ठता पुरस्कार से नवाजा गया, जिनमें प्रमुख नाम हैं –
उदय शंकर प्रजापति, जितेंद्र कुमार, मोहम्मद अदनान सामी, संकल्प कुमार, आकाश कुमार गिरी, रोशन कुमार, सचिन कुमार, स्मृति रानी, सुष्मिता केरकेट्टा, रिया कुमारी, प्रीति सिंह, खुशी विश्वकर्मा, अंजलि प्रियंका कंडोलना, नाज परवीन, समृद्धि सिंह राजपूत।
रांची विश्वविद्यालय के उन स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया जो NIC और अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल हुए। पुरुषोत्तम कुमार, आयशा फातिमा ,नवीन किशोर, सुरभि कुमारी, सुप्रिया कुमारी आदि को सम्मानित किया गया।
