ओरमांझी: प्रखंड के इरबा-हुटुप स्थित प्रतिष्ठित नर्सिंग संस्थान (जुमार अस्पताल परिसर) में बुधवार को एक बहुआयामी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीएनएम (GNM) और बीएससी (B.Sc) नर्सिंग की छात्राओं के लिए लैंप लाइटिंग (दीप प्रज्वलन), कैपिंग सेरेमनी, दीक्षांत समारोह और फ्रेशर पार्टी का आयोजन एक साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से चिकित्सा जगत की नामचीन हस्तियां, समाजसेवी और स्थानीय प्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने भावी नर्सों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ममता और सेवा की शपथ: ‘लैंप लाइटिंग व कैपिंग’ कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. अशोक मुंडा, एमएस ऑर्थो डॉ. कपिल देव, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखा रानी और निदेशक सुनेश्वर महतो, इन्दु देवी,विवेक भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात ‘फ्लोरेंस नाइटिंगेल’ की परंपरा को जीवंत करते हुए प्रथम वर्ष की छात्राओं ने हाथों में जलता हुआ दीया लेकर नर्सिंग पेशे के प्रति अपनी निष्ठा और मरीजों की सेवा की शपथ ली। ‘कैपिंग सेरेमनी’ के दौरान जब छात्राओं को उनकी नर्सिंग कैप पहनाई गई,तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह कैप नर्सिंग पेशे में उनके प्रवेश और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।
विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. अशोक मुंडा (न्यूरोसर्जन,जुमार अस्पताल) ने कहा कि डॉक्टर बीमारी का इलाज करते हैं, लेकिन मरीज को जीवन नर्सिंग स्टाफ की देखभाल और संवेदनशीलता से मिलता है। डॉ. कपिल देव ने छात्राओं को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ-साथ मानवीय मूल्यों को बनाए रखने की सलाह दी। संस्थान के निदेशक विवेक भारती ने कहा कि हमारा लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को विश्व स्तरीय नर्सिंग शिक्षा प्रदान करना है ताकि वे देश-दुनिया में अपनी पहचान बना सकें। डॉ. शिखा रानी और डॉ. कौशल ने भी चिकित्सा क्षेत्र में नर्सों की अपरिहार्य भूमिका पर प्रकाश डाला।
