सेपक टकरा एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड के पदाधिकारियों ने खेल मंत्री झारखण्ड से की मुलाकात
रांची, आगामी 10 से 14 नवंबर 2025 तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाली सब-जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप के सफल आयोजन हेतु सेपक टकरा एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा की गई।
एसोसिएशन के प्रेसिडेंट श्री उदय साहू ने बताया कि प्रतियोगिता हेतु स्टेडियम की बुकिंग कर ली गई है। वहीं, चेयरमैन श्री सुनील सूर्यात ने जानकारी दी कि इस चैंपियनशिप के लिए मेडल मेरठ से तथा मोमेंटो छत्तीसगढ़ से मंगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा प्रतियोगिता का सर्कुलर जारी कर दिया गया है। सब-जूनियर स्तर की इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लगभग 27 राज्यों के 700 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे। साथ ही, आयोजन समिति का गठन शीघ्र ही किया जाएगा।
बैठक उपरांत एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने झारखण्ड के खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की और उन्हें प्रतियोगिता की संपूर्ण जानकारी दी। माननीय मंत्री महोदय ने आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर चेयरमैन श्री सुनील सूर्यात, वाइस चेयरमैन श्री विभूति भूषण गप्पू, प्रेसिडेंट श्री उदय साहू, मनोज साहू, शिवेंद्र दुबे, चंचल भट्टाचार्य, मिथलेश साहू, शैलेन्द्र कुमार, सुनील यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
