सीबीसी, रांची द्वारा जी राम जी अधिनियम, नशा मुक्त अभियान और विकसित भारत पर विशेष जाकरूकता कार्यक्रम का आयोजन
रांची। केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय, रांची द्वारा आज ठाकुर विश्वनाथ शहदेव मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, जगन्नाथपुर, रांची में “विकसित भारत – जी राम जी अधिनियम 2025, नशा मुक्ति अभियान एवं भारतीय न्याय संहिता” विषयों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में रांची नगर निगम की मेयर श्रीमती रौशनी खलखो उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने बच्चों और युवाओं से नशा ना करने की अपील की। उन्होंने विकसित भारत में युवाओं के योगदान पर भी चर्चा करते हुए कहा कि सामूहिक भागीदारी से ही इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
डिप्टी मेयर श्री नीरज कुमार ने कहा कि जनकल्याण के लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही हैं। जी राम जी अधिनियम के लागू होने से लोगों को 125 दिन रोजगार की गारंटी मिलेगी जिससे इन परिवारों का जीवन स्तर अच्छा होगा। स्वास्थ्य विभाग के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने नशे के कारण होनी वाली बीमारियों और नुकसान के बारे में बताया साथ ही उन्होंने कोटपा अधिनियम के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। दूरदर्शन समाचार के सहायक निदेशक श्री दिवाकर कुमार ने जी राम जी अधिनियम के प्रावधानों और विकसित भारत के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए बच्चों और युवाओं को प्रेरित किया।
इससे पहले पत्र सूचना कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो , रांची के कार्यालय प्रमुख श्री गौरव कुमार पुष्कर ने विषय प्रवेश कराते हुए इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन और विभाग की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा मिंडो ने धन्यवाद ज्ञापन किया जबकि शिक्षिका श्रीमती सरिता सिन्हा ने संचालन किया। इस मौके पर स्कूल मैनेजर श्री एस. एम. ओमैर, तकनीकी सहायक श्री मो. रजा आलम, कार्यालय सहायक श्री दुलाम कुमार पांडेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रतिभागियों को मिला पुरस्कार, नशा मुक्ति की शपथ*
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान प्री-प्रोग्राम के तहत आयोजित पेंटिंग्स प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों के द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस दौरान नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
जागरूकता रैली और नाटक का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के विद्यार्थियों जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान गीत एवं नाटक प्रभाग के कलाकारों द्वारा स्थानीय भाषा में नशा मुक्ति से संबंधित नाटक और गीत भी प्रस्तुत किए गए।
