Ranchi: 26 से 28 दिसंबर 2025 तक स्कॉलर पब्लिक स्कूल, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में आयोजित 33वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल चैंपियनशिप (सत्र 2025–26) में झारखंड की बालिका थ्रोबॉल टीम ने अनुशासन, जुझारूपन और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की अथक मेहनत का परिणाम है, बल्कि झारखंड में थ्रोबॉल खेल के सशक्त भविष्य का स्पष्ट संकेत भी है।
लीग मुकाबलों में झारखंड टीम ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। लीग चरण में अपने सारे मैच जीत कर झारखंड बालिका टीम पुल विजेता रही। पहले मैच में पश्चिम बंगाल को 25-21, 25-23 से हराया। दूसरे लीग मैच में पुडुचेरी को 25-13, 25-14 से पराजित कर अपना दबदबा कायम रखा। तीसरे लीग मुकाबले में बिहार के खिलाफ हुए रोमांचक संघर्ष में झारखंड ने 25-18, 25-16 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्वार्टर फाइनल में झारखंड की बेटियों ने पंजाब को 25-11, 25-16 से मात देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। सेमीफाइनल में मुंबई जैसी सशक्त टीम के खिलाफ झारखंड ने आखिरी क्षण तक संघर्ष किया, लेकिन 14-25, 23-25 से हार के साथ टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इस अवसर पर झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष श्री वेदांत कौस्तव ने कहा कि सब-जूनियर वर्ग में हमारी बेटियों ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया है, वह प्रशंसनीय है। यह कांस्य पदक संघर्ष, अनुभव और सीख का प्रतीक है। आने वाले समय में यही खिलाड़ी झारखंड को स्वर्ण पदक दिलाने की पूरी क्षमता रखती हैं। संघ खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
टीम की इस गौरवपूर्ण सफलता पर डॉ. राजेश गुप्ता, गोविंद झा, राजेश कुमार, जमील अंसारी, आशुतोष गोस्वामी, विश्वास उरांव, गौतम सिंह, नगीना कुमार, कीर्ति कुमार, सोनू सिंह, देवव्रत कुमार, डॉ. मनीष शाहदेव, राकेश कुमार, नीतीश सिंह, मो. अमीरूल, अमित कुमार, दीपक वर्मा सहित अनेक खेलप्रेमियों व पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के साहस, समर्पण और खेल भावना की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
