रांची । झारखंड डीजीपी अनुराग गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अनुराग गुप्ता का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया गया है। नए डीजीपी के पद की दौड़ में राज्य के दो सीनियर आईपीएस प्रशांत सिंह और एमएस भाटिया के नाम चर्चा में हैं। वहीं दूसरी तरफ नए डीजीपी को लेकर भी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि सीनियर आईपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह या एमएस भाटिया राज्य के नए डीजीपी हो सकते हैं। प्रशांत सिंह 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और फिलहाल डीजी मुख्यालय के पद पर तैनात हैं। वहीं एमएस भाटिया 1993 बैच के आईपीएस हैं और फिलहाल डीजी अग्निशमन विभाग के पद पर तैनात हैं।. अनुराग गुप्ता का डीजीपी के पद पर का पूरा कार्यकाल चर्चा का विषय रहा। डीजीपी पद पर उनके पदस्थापन और फिर एक्सटेंशन को लेकर लगातार विवाद सामने आता रहा। यूपीएससी ने तो अनुराग गुप्ता को झारखंड का डीजीपी माना ही नहीं। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले अनुराग गुप्ता को झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया गया था लेकिन चुनाव आयोग के निर्देश पर उन्हें डीजीपी के पद से हटा दिया गया था। लेकिन विधानसभा चुनाव खत्म होते ही सरकार ने उन्हें फिर से झारखंड का डीजीपी बना दिया था। 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता की पहचान एक तेज तर्रार आईपीएस अफसर के रूप में रही है। विवादों ने उनका कभी पीछा नहीं छोड़ा।
