भारत ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम ने गुरुवार को 7 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया। DY पाटिल स्टेडियम में 339 रन का टारगेट भारतीय टीम 48.3 ओवर में 5 विकेट पर चेज कर लिया। जेमिमा रॉड्रिग्ज 127 और अमनजोत कौर 15 रन बनाकर नाबाद लौटीं। इसी के साथ भारतीय टीम ने तीसरी बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई। 2 नवंबर को उसका सामना साउथ अफ्रीका से होगा।
भारतीय टीम ने 59 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। यहां से जेमिमा रॉड्रिग्ज ने मोर्चा संभाला और टीम को जीत दिलाई। वे 134 बॉल पर 127 रन बनाकर नाबाद लौटीं। जेमिमा ने 14 चौके लगाए। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर (89 रन) के साथ 167, दीप्ति शर्मा (24 रन) के साथ 38, ऋचा घोष (26 रन) के साथ 46 और अमनजोत कौर (नाबाद 15 रन) के साथ नाबाद 31 रन की अहम साझेदारियां कीं। किम गार्थ को 2 विकेट मिले।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से फीबी लिचफील्ड ने 119, एलिस पेरी ने 77 और एश्ले गार्डनर ने 63 रन बनाए। भारत के लिए स्पिनर श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट झटके। क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव को 1-1 विकेट मिला। 3 बैटर्स रन आउट भी हुईं।
