रांची: आगामी 28वीं सब-जूनियर नेशनल सेपक टकरा प्रतियोगिता के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एरिना की तैयारी, ब्रांडिंग, टेंट व्यवस्था, टी.एस.आर., आवास, परिवहन एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्णय लिया गया ताकि प्रतियोगिता का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
ज्ञातव्य है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी 9 नवंबर 2025 को रांची पहुंचेंगे। 10 नवंबर को उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जबकि 14 नवंबर को समापन समारोह संपन्न होगा।
बैठक में चेयरमैन श्री सुनील सूर्यात, वाइस चेयरमैन श्री विभूति भूषण अमर, प्रेसिडेंट श्री उदय साहू, सचिव श्री शिवेन्द्र दुबे, साथ ही श्री मनोज महतो, श्री मनोज साहू, अजित रॉय चौधरी, राजीव रंजन एवं श्री सपन साहा उपस्थित रहे।
चेयरमैन श्री सुनील सूर्यात ने बताया कि यह प्रतियोगिता 9 से 15 नवंबर 2025 तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रांची में आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर से लगभग 650 खिलाड़ी और 50 तकनीकी पदाधिकारी भाग लेंगे। साथ ही, सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के लगभग 50 पदाधिकारी भी इस आयोजन में शामिल होंगे।
