रांची। केंद्रीय कला, संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से बुधवार को रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच वंदे मातरम् के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रांची में आयोजित होने वाले सांसद सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस पर उन्होंने अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराने की सहमति दी।
दरअसल, यह भव्य सांस्कृतिक महोत्सव 01, 02 और 03 मई 2026 को रांची में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य वंदे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत, राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक गौरव को जन-जन तक पहुंचाना है। इस आयोजन के माध्यम से देशभक्ति, सांस्कृतिक एकता और भारतीय परंपरा के विभिन्न आयामों को प्रस्तुत किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम, कलाकारों की सहभागिता और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति महोत्सव को विशेष बनाएगी।
सांसद सांस्कृतिक महोत्सव को लेकर रांची में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजकों का मानना है कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का यह अवसर न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा।
