Ranchi: सामाजिक संस्था ओथ एवं उत्कल कराटे स्कूल के द्वारा संस्कृति विहार, रोड नं. 4, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, रांची में एक दिवसीय निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में सैकड़ों बच्चों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर के हिस्सा लिया और कराटे प्रशिक्षण के विभिन्न तकनीकी पहलुओं को सीखा। पूरे दिन प्रशिक्षण स्थल पर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिली।
शिविर की शुरुआत वार्मअप एवं बेसिक ट्रेनिंग से हुई, जिसका प्रशिक्षण सेम्पाई रवि कुमार द्वारा दिया गया। इसके बाद काता प्रशिक्षण चंदन कुमार ने कराया, जिसमें खिलाड़ियों को संतुलन, तकनीक एवं अनुशासन की बारीकियां सिखाई गईं। वहीं कुमिते ड्रिल एवं कुमिते बेसिक का प्रशिक्षण सेंसई संदीप लाल एवं सेम्पाई प्रिंस ठाकुर द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को आत्मरक्षा, फिटनेस और प्रतियोगिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमित कुमार (सदस्य, सामाजिक संस्था ओथ) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर समाजसेवी संजीत गाड़ी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने कहा कि कराटे जैसे खेल बच्चों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सेम्पाई मानसी सिंह एवं सेम्पाई विशाखा कुमारी की भी उपस्थिति रही। शिविर में शामिल खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही। आयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने एवं राज्य स्तर पर कराटे प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से और भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी रवि कुमार ने दी।
