Ranchi: झारखंड के माननीय मुख्य मंत्री श्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री बिनोद कुमार, महाप्रबंधक श्री चन्द्रशेखरन वी, क्षेत्र महाप्रबंधक श्री विवेक एवं अंचल प्रबंधक श्री राजेश शरण ने मुलाक़ात की। मुख्य मंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेट थी। श्री बिनोद कुमार ने झारखण्ड में इंडियन बैंक की उपस्थिती के बारे में बताया एवं आश्वासन दिया कि भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखंड राज्य के लोगों के आर्थिक उत्थान में इंडियन बैंक अहम भूमिका निभाएगी एवं ग्राहक सेवा पर भी विशेष ध्यान देगा।
इसके बाद उन्होंने फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सदस्यों के साथ बैठक की। इस बैठक में इंडियन बैंक के निदेशक श्री बाल मुकुन्द सहाय भी मौजूद रहे। इस बैठक में बैक के एमडी एवं सीईओ ने आश्वासन दिया कि इंडियन बैंक एमएसएमई कारोबार, रियल स्टेट विकास, कलस्टर विकास पर विशेष ध्यान देगा। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सपोर्ट से मेला लगाकर मुद्रा लोन संवितरित किया जाएगा। एमडी एमडी एवं सीईओ ने झारखण्ड के सीएनटी एक्ट का संज्ञान लिया तथा यह आश्वासन दिया कि इस का निदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम कम करने में बैंक अहम भूमिका निभाएगी।
संध्याकाल में इंडियन बैंक के स्टाफ सदस्यों के साथ टाउन हाल बैठक में उन्होंने सभी स्टाफ सदस्यों को संबोधित किया और सुझाव दिया कि झारखण्ड के विकास में सभी स्टाफ सदस्यों का योगदान अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने वित्तीय परिदृश्य विकसित करने हेतु चार प्रमुख स्तंभों पर विशेष ज़ोर दिया है- 1. सतत व्यावसायिक विकास, 2. ग्राहक सेवा उत्कृष्टता, 3. डिजिटल ऑनबोर्डिंग और 4. अनुपालन, जो बैंक की सफलता को परिभाषित करेगा। साथ ही सरकार द्वारा चलाये जा रहे कई महत्वपूर्ण योजनाओं को बैंक द्वारा सुचारु रूप से कार्यान्वित करने का निर्देश दिया।
