-
3 मई तक सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला का उत्सव आड्रे हाउस में
-
प्रातः 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक सभी लोगो के लिए प्रवेश निःशुल्क
-
वंदे मातरम के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने पर
रांची: आड्रे हाउस में तीन दिवसीय सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला का शुभारंभ 1 मई, शुक्रवार को हुआ। प्रातः 11:00 स्वदेशी मेले का विधिवत पूजन व
नारियल फोड़कर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर मेयर रोशनी खलको, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, पुर्व सांसद अजय मारू आदि मौजूद थे।
मेले में 125 स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं, जो पूर्णत स्वदेशी को समर्पित है। मौके पर संजय सेठ ने कहा कि झारखंड की संस्कृति, पहचान, विविधता, परंपरा, लोक कला साथ ही यहां के लोक नृत्य संगीत को एक ही छत के नीचे कला संस्कृति के माध्यम से उनका संरक्षण और संवर्धन के लिए स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने का वृहद अलौकिक, सुंदर कार्य सांसद सांस्कृतिक महोत्सव स्वदेशी मेला के माध्यम से किया गया है, जो हमारे स्वदेशी कला संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का एक सशक्त माध्यम भी है ।
मेले के प्रथम व दूसरे दिन हजारों लोगों ने स्वदेशी मेला का भ्रमण किया। मेले में महिलाओं के द्वारा निर्मित पापड़, खजला, बड़ी, मंगोड़ी, विभिन्न प्रकार के अचार, ब्लैक राइस, रेड राइस, एनर्जी चॉकलेट मडुवा के लड्डू ,रागी की कुकीज, चॉकलेट सहित कई और उत्पाद मिल रहा है। इसके अलावा हर्बल मसाला, घरेलू दवा, मेटल की तस्वीर, जूट बैग,उन से बने हैंडमेड फ्लावर, लिपिन आर्ट, ब्लू कार्ड पेंटिंग की तस्वीर आदि भी विक्रय के लिए सही मूल्य पर रखी गयी है।
साथ ही पारंपरिक मोटे अनाज से बने व्यंजन और उनके उत्पादों की बिक्री हुई। मोटे अनाज से बने मड़वा समोसा,मड़वा चोप, निमकी, भुजिया चॉकलेट ,बिस्किट जैसे खाद्य पदार्थ लोगों ने मेला में चखा और उसका आनंद उठाते हुए खरीददारी की।
इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के झलमुडी के कटॉउत सेटअप पर लोगो ने खूब तस्वीर खिंचवाई।
ऑपरेशन सिंदूर पर रांची के बच्चों के द्वारा बनाई गई पेंटिंग की भी प्रदर्शनी लगाई गई । बच्चों ने ऑपरेशन सिंदूर की शौर्यगाथा को कैनवास पर उतारने का कार्य किया है। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कई स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुति दी, जिसमें राधा कृष्ण लीला, आसाम फॉग डांस, संबलपुरी डांस, गुजराती डांस समेत अन्य प्रकार की प्रस्तुति दी गई। संध्या 7 बजे महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंन्त्री हेमंत सोरेन , रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्य सभा सांसद,विधायक, महापौर, उपमहापौर ने सांस्कृतिक महोत्सव स्वदेशी मेला का सामूहिक रूप से उद्घाटन किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को अंगवस्त्र , पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन व स्वागत किया गया।
