पलामू। जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातू में स्टोन माइंस के उदघाटन कार्यक्रम में पुलिस पर किए गए हमले को लेकर तीन नामजद सहित 100 से अधिक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
इस संबंध में मजिस्ट्रेट संजीत कुमार के बयान पर गुरूवार को सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। नामजद आरोपितों में रेवारातू गांव के भीम सिंह, विकास कुमार सिंह और उदेश्वर राम शामिल हैं। लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने इसकी पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि रेवारातू गांव में बुधवार को पुलिस और प्रशासनिक टीम पर 100 से अधिक की संख्या में महिला-पुरूष ग्रामीणों ने हमला कर दिया था। प्रशासनिक टीम उच्च न्यायालय के आदेश के बाद स्टोन माइंस को चालू कराने के लिए पहुंची थी। ग्रामीण लंबे समय से स्टोन माइंस का विरोध कर रहे थे। कई स्तरों पर धरन प्रदर्शन भी किया था। इस बीच जब प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों की भीड़ ने अचानक उन पर लाठी-डंडे, रॉड और पारंपरिक हथियारों से हमला कर दिया था।
इस घटना में दो पुलिसकर्मी हवलदार महेन्द्र दुबे और अवधेश पासवान को सिर में चोट लगी थी, जबकि दो अन्य जवानों को हल्की चोट आयी थी। कई पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए थे। दोनों जवानों का इलाज एमएमसीएच में किया गया था और उन्हें अस्पातल से छुट्टी दे दी गयी है। इधर, रेवारातू माइंस में पुलिस कैंप कर रही है, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।
