Ranchi: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए शिक्षाविद् डा . बिंदेश्वर बेक को प्रतिष्ठित ‘कैटेलिस्ट ऑफ एजुकेशन एक्सीलेंस’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। राजधानी रांची में टाइम्स ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।
समारोह में डा. बेक को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् (JEPC) के राज्य परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन एवं रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा के करकमलों से यह सम्मान प्रदान किया गया। यह अवार्ड शिक्षा में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने और सकारात्मक योगदान देने के उनके प्रयासों की सराहना है। इस उपलब्धि से उनके विद्यालय परिवार, गाँव एवं क्षेत्र के लोगों में खुशी है। क्षेत्र के एक शिक्षाविद् को राजधानी में सम्मानित किए जाने से स्थानीय स्तर पर शिक्षा के प्रति समर्पण और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा को बल मिला है। डा. बेक ने इस सम्मान के लिए आयोजकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी उपलब्धि को विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों के सहयोग और विश्वास से जोड़ते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने भी आयोजकों को धन्यवाद देते हुए इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का अवसर बताया।
