रांची:मेदांता हॉस्पिटल, रांची द्वारा EZCCON (East Zone Critical Care Society)के सहयोग से नेफ्रो क्रिटिकल केयर (Nephro Critical Care)विषय पर एक दिवसीय उन्नत अकादमिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं फैकल्टी ने हिस्सा लिया और अस्पताल की मेडिकल एवं क्रिटिकल केयर टीम को किडनी से संबंधित गंभीर रोगों के आधुनिक उपचार एवं प्रबंधन की जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने डायलिसिस, रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी (RRT), कंटीन्यूअस रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी (CRRT)तथा एडवांस नेफ्रोलॉजी उपचार पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा एवं प्रशिक्षण दिया। गंभीर रूप से बीमार मरीजों में एक्यूट किडनी इंजरी (AKI) सहित जटिल किडनी संबंधी समस्याओं के समय पर पहचान, उपचार और आधुनिक रीनल सपोर्ट की भूमिका पर भी विशेष जोर दिया गया।
वर्तमान समय में बड़ी संख्या में मरीज एक्यूट किडनी इंजरी और अन्य गंभीर किडनी संबंधी बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे मरीजों के उपचार में अत्याधुनिक नेफ्रोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर सुविधाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मेदांता हॉस्पिटल रांची में नेफ्रोलॉजी के क्षेत्र में उन्नत क्लिनिकल सेवाएं उपलब्ध हैं, जिसमें जटिल किडनी रोगों के उपचार के साथ-साथ किडनी ट्रांसप्लांट जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी शामिल हैं।
इस अवसर पर मेदांता हॉस्पिटल रांची के हॉस्पिटल डायरेक्टर श्री विश्वजीत कुमार ने कहा, “हमें गर्व है कि हम लगातार ऐसी अकादमिक एवं क्लिनिकल गतिविधियों का आयोजन कर रहे हैं, जिनका सीधा लाभ मरीजों तक पहुंचता है। इस तरह की कार्यशालाओं से हमारे चिकित्सकों और क्लिनिकल टीम को देश के अग्रणी विशेषज्ञों से सीखने, नई उपचार तकनीकों को समझने और उन्हें मरीजों के उपचार में बेहतर तरीके से लागू करने का अवसर मिलता है। हमारा अंतिम उद्देश्य मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. तपस साहू, डॉ. विजय कुमार सिंह, डॉ. मनोज कुमार एवं मेदांता हॉस्पिटल की पूरी क्रिटिकल केयर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
