Ranchi: एमएमके हाई स्कूल, बरियातू, रांची में सावन माह के पावन अवसर पर सावनोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं के बीच मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत करते हुए आकर्षक मेहंदी डिज़ाइन बनाए। प्रतियोगिता में आशिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। निखत परवीन को द्वितीय स्थान तथा जैनब परवीन को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेता छात्राओं को विद्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय की शिक्षिका अंजलि रावत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यालय के निदेशक डॉ. तनवीर अहमद ने सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता तथा भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को विकसित करती हैं। उन्होंने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
