रांची । विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की बात सुन रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस विषय को लेकर नौजवान आंदोलन कर रहे हैं, उसमें सरकार की गतिविधियों की वजह से ही उन्हें अपनी बात रखने और अपने अधिकार के लिए आवाज उठाने का हौसला मिला है। हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार ने गड़बड़ी पकड़ी है और नौजवानों को न्याय मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों ने गड़बड़ी की है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि उन्हें किसी राजनीतिक दल की छत्रछाया की आवश्यकता नहीं है। वे छात्र हैं और अपने अधिकार एवं न्याय के लिए अपनी बात सीधे सरकार के सामने रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान संवाद के जरिए किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लाठी, गोली और डंडे से समस्याओं का समाधान नहीं होता, बल्कि इससे नुकसान बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपनी बात सरकार के सामने रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आंदोलन के माध्यम से ही नहीं, बल्कि घर बैठे युवाओं की बात भी सुनने का प्रयास करेगी। हेमंत सोरेन ने कहा कि देश में युवाओं को अलग-अलग तरीके से दिग्भ्रमित करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को डराने, बदनाम करने और दबाव बनाने की कोशिशें लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने ऐसा संविधान दिया है, जो देश के हर व्यक्ति को समान अधिकार देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है। यहां के पूर्वजों ने उस समय से संघर्ष किया, जब देश में आजादी का सपना भी पूरी तरह नहीं देखा जा रहा था। उन्होंने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद 25 वर्षों में अपने पैरों पर खड़े होने की कोशिश कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को लंबे समय तक अलग-अलग तरीके से इस्तेमाल करने की कोशिश की गई, लेकिन अब झारखंड अपनी ताकत के साथ आगे बढ़ रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठते हुए वे युवाओं को आश्वस्त करना चाहते हैं कि उनके साथ पारदर्शिता के साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा कि सरकार न सिर्फ न्याय करेगी, बल्कि न्याय होते हुए दिखाई देने का भी काम करेगी।
मुख्यमंत्री की बात पर भरोसा रखें, आपकी समस्याओं पर सरकार गंभीर : राज्यपाल
रांची । विश्व आदिवासी दिवस पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन ने जो कहा है छात्र उस पर भरोसा रखें। वे आपकी समस्याओं को लेकर गंभीर हैं। आपको शिकायत का कोई मौका नहीं मिलेगा। मैं हर वक्त आपके साथ हूं। बता दें कि इससे पहले सीएम हेमंत सोरेन ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि आपको राजनीतिक क्षत्र-छाया की जरूरत नहीं है। न मेरी पार्टी और न ही किसी दूसरी पार्टी से संरक्षण की जरूरत है। आपकी मांगें आपका अधिकार हैं। सरकार आपके साथ है। हर वैधानिक मांग पर पारदर्शिता के साथ काम होगा। न्याय सिर्फ होगा नहीं, वह दिखेगा भी। वहीं, राज्यपाल ने कहा, छात्र समस्याओं को लेकर मेरे पास भी आ सकते हैं। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जो भी दोषी हैं, उन्हें कठोर से कठोर दंड मिलेगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि युवाओं को दिग्भ्रमित किया जा रहा है और इसमें बड़े-बड़े लोग लगे हुए हैं। उन्होंने युवाओं से निर्भीक होकर सरकार के पास आने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी जरूरत और अपेक्षाओं के अनुरूप चीजें तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि नौजवानों को डराया और धमकाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि वह भी कोई बूढ़े नहीं हैं, युवाओं की चिंता उनकी चिंता है और उनके साथ पारदर्शिता के साथ न्याय होगा।
