रांची: एसबीआई कार्ड और गूगल पे ने मिलकर नया को-ब्रांडेड ‘गूगल पे फ्लेक्स एसबीआई कार्ड’ लॉन्च किया है। यह कार्ड ग्राहकों को रोजमर्रा के छोटे-बड़े खर्चों पर रिवॉर्ड्स, आसान भुगतान विकल्प और एक ही प्लेटफॉर्म पर डिजिटल अकाउंट मैनेजमेंट की सुविधा प्रदान करेगा। यह कार्ड ‘फ्लेक्स बाय गूगल पे’ का हिस्सा है और एसबीआई कार्ड की क्रेडिट कार्ड विशेषज्ञता तथा गूगल पे के डिजिटल इकोसिस्टम को एक साथ जोड़ता है।
नए कार्ड के जरिए ग्राहक किराना, बिल भुगतान, ट्रैवल बुकिंग, ऑनलाइन व ऑफलाइन शॉपिंग सहित विभिन्न श्रेणियों में खर्च करने पर रिवॉर्ड स्टार्स अर्जित कर सकेंगे। ग्राहक सालाना 18,000 स्टार्स तक कमा सकते हैं और निर्धारित खर्च के आधार पर हर 500 रुपये पर 8 स्टार्स तक प्राप्त होंगे। अर्जित स्टार्स का उपयोग गूगल पे ऐप पर सीधे भुगतान या वाउचर रिडीम करने के लिए किया जा सकेगा, जहां 1 स्टार की कीमत 1 रुपये के बराबर होगी। इसके अलावा ग्राहक अपने बकाया बिल को आसान ईएमआई में भी बदल सकते हैं।
यह कॉन्टैक्टलेस कार्ड रुपे और वीज़ा दोनों नेटवर्क पर उपलब्ध होगा। रुपे वेरिएंट को यूपीआई से लिंक कर देशभर में यूपीआई भुगतान किया जा सकेगा, जबकि दोनों वेरिएंट गूगल पे पर टोकनाइज होकर ‘टैप-टू-पे’ सुविधा देंगे। कार्ड के लिए आवेदन, भुगतान, रिवॉर्ड्स ट्रैकिंग और अकाउंट मैनेजमेंट की पूरी प्रक्रिया गूगल पे ऐप के भीतर ही पूरी की जा सकेगी।
एसबीआई कार्ड की प्रबंध निदेशक एवं सीईओ सलिला पांडे ने कहा कि यह कार्ड ग्राहकों को सुविधा, सुरक्षा और बेहतर रिवॉर्ड्स के साथ डिजिटल भुगतान का नया अनुभव देगा। वहीं गूगल पे के सीनियर डायरेक्टर शरथ बुलुसु ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य क्रेडिट कार्ड के उपयोग को यूपीआई भुगतान जितना सरल और सुविधाजनक बनाना है। कार्ड पर 499 रुपये का जॉइनिंग और वार्षिक शुल्क है, जिसे एक लाख रुपये के वार्षिक खर्च पर माफ कर दिया जाएगा। साथ ही ग्राहकों को 1,000 रुपये तक के वेलकम बेनिफिट्स और खर्च के आधार पर अतिरिक्त रिवॉर्ड्स भी मिलेंगे।
