रांची : भारत की प्रमुख एयरपोर्ट सर्विस मैनेजमेंट और कार्गो हैंडलिंग कंपनी, एयर इंडिया सैटस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सलीम चौधरी के ऑपरेशनल ऑफिसर, राज महिमा हेड,कार्गो लॉजिस्टिक्स सर्विस और शैलेश कुमार असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट कमर्शियल एंड बिजनेस डेवलपमेंट ने संयुक्त रूप से बताया है कि एयर इंडिया सैटस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (ऐसत्स) ने रांची एयर कार्गो टर्मिनल पर 20,000 मीट्रिक टन से अधिक कार्गो हैंडलिंग का माइलस्टोन हासिल कर क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 में टर्मिनल पर 7,992 मीट्रिक टन कार्गो संभाला गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 9 प्रतिशत अधिक है। यह जानकारी रांची में आयोजित ट्रेड रोडशो के दौरान दी गई, जिसमें एयरलाइंस, कार्गो एजेंट, फ्रेट फॉरवर्डर, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित लगभग 70 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 में कार्गो वॉल्यूम में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि का लक्ष्य रखा है। 18,250 मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाला रांची एयर कार्गो टर्मिनल दवाइयों, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन, ई-कॉमर्स शिपमेंट, ऑटो पार्ट्स, रेडीमेड गारमेंट्स, फल-सब्जियों और अन्य जल्दी खराब होने वाले उत्पादों की ढुलाई का प्रमुख केंद्र बन चुका है। हाल के वर्षों में फार्मास्युटिकल्स, रेडीमेड वस्त्र और पेरिशेबल कार्गो सबसे तेजी से बढ़ने वाले सेगमेंट के रूप में उभरे हैं। कंपनी के सीईओ रामनाथन राजामणि ने कहा कि रांची जैसे क्षेत्रीय हवाई अड्डे भारत के एयर कार्गो नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसत्स एयरलाइन साझेदारों, व्यापारिक संगठनों और नियामक संस्थाओं के साथ मिलकर कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करेगा, जिससे झारखंड के व्यवसायों को राष्ट्रीय बाजारों तक तेज, सुरक्षित और बेहतर पहुंच मिल सकेगी।
