रांची। रांची नगर निगम परिषद की बैठक में शनिवार को शहर के विकास, आधारभूत सुविधाओं और जनसुरक्षा से जुड़े 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, महापौर रौशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार तथा नगर निगम के सभी 53 वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव रखे और शहर के समग्र विकास पर जोर दिया। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची को एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि शहर का विकास योजनाबद्ध, वैज्ञानिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप किया जा सके। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करना समय की मांग है।
संजय सेठ ने नगर निगम के सभी वार्डों में ओपन जिम स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम बनने से लोगों, विशेषकर युवाओं और बुजुर्गों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा फिट इंडिया अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा.
संजय सेठ ने कहा कि रांची की बढ़ती आबादी के साथ लूट, चोरी और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हुई है। ऐसे में शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की आवश्यकता है। उनका कहना था कि इस व्यवस्था से अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी और विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकेगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य का बकाया भुगतान समय पर नहीं किए जाने के कारण कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य को समय पर उसकी देय राशि उपलब्ध कराई जाए तो नगर विकास सहित विभिन्न परियोजनाओं को और गति मिल सकेगी तथा आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
