Ranchi: आगामी मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 19 जून 2026 को समाहरणालय ब्लॉक ‘बी’ स्थित कमरा संख्या-505 में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा की गयी।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक, नगर श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण श्री गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक, यातायात श्री राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था शरण, जिला नजारत उपसमाहर्ता श्री सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार सहित संबंधित पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी, महावीर मंडल, विभिन्न अखाड़ा समितियों एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक की शुरुआत में सेन्ट्रल मोहर्रम कमिटी, विभिन्न अखाड़ा समितियों एवं शांति समिति के प्रतिनिधियों ने मोहर्रम पर्व के सफल आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं पर अपने सुझाव एवं मांगें रखीं। प्रतिनिधियों ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्गों की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, एम्बुलेंस, अखाड़ों के लाइसेंस निर्गत करने, यातायात प्रबंधन तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपने विचार साझा किए। सभी प्रतिनिधियों ने आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में मोहम्मद इस्लाम, अकीलुर्रहमान, अजीत सहाय, परमजीत सिंह, जयसिंह यादव, सागर कुमार समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने सुझाव रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि शांति समिति एवं अखाड़ा समितियों द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा तथा प्रशासन की ओर से बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि छोटी-छोटी बातों को अनावश्यक रूप से बड़ा न बनने दें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रशासन एवं पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
