रांची। सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत निम्बस आईटीईएस द्वारा शौंडिक फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर निम्बस आईटीईएस, चौथी मंजिल, मॉल डेकोर, लालपुर चौक, रांची में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रांची के उप महापौर श्री नीरज कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने निम्बस आईटीईएस द्वारा किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह एक उत्कृष्ट CSR गतिविधि है। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे सामाजिक कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और इससे जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है। उन्होंने निम्बस आईटीईएस एवं शौंडिक फाउंडेशन की टीम को इस नेक पहल के लिए बधाई दी।
इस रक्तदान शिविर में कुल 68 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदान करने आए लोगों में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, निम्बस आईटीईएस की टीम और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
निम्बस आईटीईएस के सीईओ एवं फाउंडर श्री नितेश नागपाल ने कहा कि कंपनी केवल व्यावसायिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निभाती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। इसी सोच के साथ निम्बस आईटीईएस समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन करता रहता है। श्री नागपाल ने आगे कहा कि समाज में जागरूकता और सेवा की भावना को बढ़ावा देना हर संस्था की जिम्मेदारी है। रक्तदान जैसा नेक कार्य मानवता की सच्ची सेवा है और इसमें सभी योग्य लोगों को आगे आकर भाग लेना चाहिए। इस आयोजन को सफल बनाने में रोहित सिंह, अभिजीत कुमार, हिमांशु पांडेय, अदिति सिंह, अर्जुन यादव, अरिजीत कोटल, नीरज कुमार एवं संगम राज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने समर्पण और टीम भावना के साथ शिविर की व्यवस्था, समन्वय एवं संचालन में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम में शौंडिक फाउंडेशन के प्रतिनिधि, निम्बस आईटीईएस की टीम एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।
