Ranchi: झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सहयोग से रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन द्वारा चैम्बर भवन में आयोजित तीन दिवसीय रांची डिस्ट्रिक्ट चेस चैंपियनशिप-2026 का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि खेल निदेशक छवि रंजन एवं विशिष्ट अतिथि झारखण्ड चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के महासचिव नवजोत अलंग, ऑल इंडिया चेस एसोसिएशन के सचिव मनीष कुमार, उपाध्यक्ष सुनील खवारे, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, सदस्य आशीष साहू, सुनील कालरा, प्रीतम सिंह तथा ऑर्बिटर दीपक एवं अरुण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
तीन दिनों तक चले इस चैंपियनशिप में कुल 240 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जो झारखण्ड में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में अब तक की सर्वाधिक सहभागिता का नया रिकॉर्ड है। प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इसमें 4 वर्ष से लेकर 74 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ कुल 15,500 रुपये तक के नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में बिरंचि सिन्हा को वेटरन प्लेयर, आयुष्मान राज को यंगेस्ट बॉय तथा शानवी सिन्हा को यंगेस्ट गर्ल का सम्मान प्राप्त हुआ। ओवरआल चैंपियन बीसी त्रिपाठी बने। रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा तथा एक्टिंग प्रेसिडेंट ऋचा संगीता ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर खेल निदेशक छवि रंजन ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं बल्कि व्यक्तित्व विकास, निर्णय क्षमता और मानसिक अनुशासन को सशक्त बनाने का माध्यम है। इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि झारखण्ड में शतरंज के प्रति युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। झारखण्ड चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि खेल और शिक्षा समाज के समग्र विकास के दो महत्वपूर्ण आधार हैं। चैम्बर सदैव खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रही है। भविष्य में भी चैम्बर खेलों के प्रोत्साहन हेतु ऐसे आयोजनों में सहयोग करता रहेगा।
