गुमला। जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रशार काे बसिया अंचल अंतर्गत मौजा बोंगालोया टंगरा सहित आसपास के क्षेत्रों में जिला टास्क फोर्स (खनन) ने औचक जांच और छापेमारी अभियान चलाया।
यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी, बसिया की अध्यक्षता में अंचल अधिकारी, बसिया, जिला खनन पदाधिकारी, गुमला तथा सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने की। जांच के क्रम में मौजा बोंगालोया में खाता संख्या-58, प्लॉट संख्या-299, रकबा लगभग 5.79 एकड़ गैरमजरूआ आम भूमि पर अवैध रूप से बालू का भंडारण पाया गया। स्थल पर लगभग 30,000 घनफीट बालू अवैध रूप से संग्रहित पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि उक्त स्थल पर किसी प्रकार का वैध घाट बंदोबस्ती या भंडारण लाइसेंस उपलब्ध नहीं है, जिससे यह गतिविधि पूर्णतः अवैध पाई गई।
मामले में स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली कि इस अवैध उत्खनन और भंडारण कार्य में लगभग 10 व्यक्ति संलिप्त हैं। इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल सरकारी राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति का भी क्षरण हो रहा है।
वहीं इस अवैध बालू भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों और संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए सुसंगत धाराओं के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि बिना वैध पट्टा या लाइसेंस के खनिज का उत्खनन, भंडारण या परिवहन करना खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम और झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, 2004 के प्रावधानों का उल्लंघन है। इसके अलावा झारखंड मिनरल्स (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियम, 2017 के तहत भी यह दंडनीय अपराध है।
