रांची : 28वीं नेशनल सेपक टकरा प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन जारी रहा। खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
आज इंटरनेशनल सेपक टकरा फेडरेशन के सेक्रेटरी जनरल दातुक अब्दुल हलीम बिन कादर ने एक विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने भारत में सेपक टकरा के विकास की अपार संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि देश में खिलाड़ियों का दायरा बहुत बड़ा है और भविष्य में इस खेल में असीमित संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि भारत के पिछले एशियन खेलों और वर्ल्ड चैंपियनशिप में प्रदर्शन को देखते हुए आगामी जापान में होने वाली एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस अवसर पर सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री नरेश कुमार ने बताया कि हाल ही में जापान में आयोजित एशियन सेपक टकरा चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी प्रतियोगिताओं, विशेषकर एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी। इस प्रेस वार्ता में श्री बाबू कवलेकर एवं श्री उदय साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
टीम इवेंट का हुआ पदक वितरण समारोह : आज आयोजित टीम इवेंट सेपक टकरा के विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पदक वितरण समारोह में शालिनी विजय (प्राचार्य, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल, रातू), रेखा नायडू (प्राचार्य, मनन विद्यालय) एवं शिप्रा प्रकाश (प्राचार्य, गोविंद राम कतारुका पब्लिक स्कूल) सहित सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री नरेश कुमार उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
