राँची। डीएवी पब्लिक स्कूल,हेहल(राँची) के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का अवसर रहा, जब विद्यालय की मेधावी पूर्व छात्रा आद्या विभूति ने GATE 2026 में AIR 348 प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया,जिसमें प्राचार्य सह-सहायक क्षेत्रीय अधिकारी(डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखण्ड ज़ोन-जी) बिपिन राय ने आद्या व उसकी माता जी को स्मृति चिन्ह एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामना की।
इसी क्रम में विद्यालय के अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भी SAIL Safety Organisation द्वारा आयोजित Extempore एवं Sit & Draw प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। इन विजेताओं को भी समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री राय ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ये उपलब्धियाँ विद्यार्थियों की कठोर मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का प्रतिफल हैं। साथ ही यह विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की गुणवत्ता को भी दर्शाती हैं। उन्होंने सभी छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में हर्ष, उत्साह और गौरव का वातावरण व्याप्त रहा। अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बी. कार्तिक,बी. एन. राय एवं सचिन कुमार,अनुश्री सिन्हा,कुमारी सूर्या की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
