रांची: झारखंड मिक्स बॉक्सिंग संघ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 4 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस शानदार सफलता से खिलाड़ियों ने न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड मिक्स बॉक्सिंग टीम के कोच मोहम्मद इब्रार कुरैशी ने बताया कि खिलाड़ियों ने लंबे समय तक कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और दिन-रात की मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और समर्पण का परिणाम है।
पदक विजेता खिलाड़ी इस प्रकार हैं: स्वर्ण पदक जीतने वालों में आरती कुमारी, शिवदत्त लोहरा, कंचन कुमारी और स्नेहा कुमारी शामिल हैं। वहीं तेजस्वी कुमार और रौनिका रशी ने रजत पदक प्राप्त किया। करिश्मा कुमारी और अंश कुमार सिंह ने कांस्य पदक जीतकर टीम की झोली में पदक जोड़े।
कोच ने बताया कि सभी खिलाड़ी आज रात हटिया एक्सप्रेस से रांची के लिए रवाना होंगे। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि रांची पहुंचने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। झारखंड मिक्स बॉक्सिंग खिलाड़ियों की यह उपलब्धि राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा साबित होगी।
