Ranchi: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया लेडीज़ क्लब, पटना एवं रांची की सहभागिता से, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत शनिवार, 27 दिसंबर 2025 को माहेर आश्रम, रांची में एक सेवा एवं दान कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाना था।
इस अवसर पर माहेर आश्रम में निवासरत 13 महिलाओं एवं 24 बच्चों को सहायता प्रदान की गई। आश्रमवासियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दैनिक जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सम्मानजनक बनाने हेतु रेफ्रिजरेटर, कंप्यूटर, कंबल, रूम हीटर, गीजर,अलमारियाँ,गद्दे,लेखन-सामग्री सहित अनेक महत्वपूर्ण एवं उपयोगी वस्तुओं का वितरण किया गया। इन वस्तुओं से आश्रमवासियों के जीवन में सुविधा के साथ-साथ आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस सेवा कार्यक्रम का नेतृत्व एसबीआई लेडीज़ क्लब पटना मंडल की माननीय अध्यक्ष, श्रीमती पूजा जोशी जी द्वारा किया गया। उनके साथ एसबीआई लेडीज़ क्लब पटना मंडल की माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती अरुणांजलि जायसवाल जी, तथा क्लब की अन्य सम्मानित सदस्याएँ भी उपस्थित रहीं। सभी सदस्यों ने आश्रमवासियों के साथ संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय, रांची की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिनके सहयोग एवं कुशल व्यवस्थापन से यह कार्यक्रम सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
इस पहल के माध्यम से एसबीआई लेडीज़ क्लब, पटना एवं रांची ने सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करते हुए यह संदेश दिया कि सेवा, संवेदना और सहभागिता से ही समाज में सार्थक परिवर्तन संभव है।
