Ranchi: झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस के चुनाव में रांची से संगठन को सशक्त नेतृत्व मिला है। युवा कांग्रेस के सक्रिय नेता अंकित सिंह ने 2176 मत प्राप्त कर रांची महानगर महासचिव के पद पर शानदार जीत दर्ज की। इससे पूर्व वे पूर्वा हटिया विधानसभा अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है।
वहीं, उसी टीम के युवा नेता आतिफ बदर ने 1815 मत प्राप्त कर हटिया विधानसभा अध्यक्ष का पद हासिल किया। उनकी जीत को हटीया विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के बढ़ते विश्वास और संगठन की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष कुमार राजा ने मीडिया से बात करते हुए कहा— अंकित सिंह और आतिफ बदर की जीत यह साबित करती है कि संगठन में समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं को युवाओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है। यह नेतृत्व युवा कांग्रेस को और अधिक मजबूत करेगा तथा कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगा। वहीं रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी मेहुल प्रसाद ने कहा— अंकित सिंह को रांची महानगर महासचिव और आतिफ बदर को हटीया विधानसभा अध्यक्ष चुना जाना संगठन के लिए गर्व का विषय है। दोनों नेताओं ने लगातार युवाओं के मुद्दों पर संघर्ष किया है। हमें पूरा विश्वास है कि इनके नेतृत्व में युवा कांग्रेस नई ऊर्जा और दिशा के साथ आगे बढ़ेगी। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संगठनात्मक एकता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जीत बताया।
