रांची/नयासराय: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिला के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने की घटना के विरोध में शुक्रवार को नयासराय बाजार मोड़ पर अल्पसंख्यक समाज के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन कर प्रदर्शनकारियों ने अपना आक्रोश प्रकट किया।
यह विरोध प्रदर्शन अल्पसंख्यक समाज के नेता समीर अली, अनवारूल हक और आदिल हसन के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा और महिलाएं शामिल रहीं। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर महिला सम्मान के समर्थन में नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि महिला की गरिमा और सम्मान से जुड़ी किसी भी घटना को समाज स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को अपने आचरण में संयम और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। नेताओं ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महिला सम्मान किसी जाति, धर्म या समुदाय का नहीं, बल्कि पूरे समाज का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रदर्शन के बाद अल्पसंख्यक समाज के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महिला सम्मान से जुड़े मामलों पर सरकार गंभीरता नहीं दिखाती है, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
