राँची: कड़ाके की ठंड के बीच ईरबा स्थित मदरसा मजहरुल उलूम के 150 होनहार विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरते हुए मौलाना आज़ाद ह्यूमेन इनिशिएटिव (माही) की ओर से स्वेटर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाव के लिए उपहार स्वरूप स्वेटर प्रदान किए गए।
ज्ञात हो कि मौलाना आज़ाद डे के अवसर पर माही द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कोल्ड इज़ बोल्ड – एन इनिशिएटिव बाय माही अभियान चलाया गया। यह अभियान पूरे नवंबर माह तक संचालित रहा, जिसे ठंड की बढ़ती सख़्ती को देखते हुए दिसंबर माह तक विस्तारित किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग, विशेषकर विद्यार्थियों को ठंड से सुरक्षा प्रदान करना है।
कार्यक्रम में माही के संयोजक एवं झारखंड वक़्फ़ बोर्ड के सदस्य इबरार अहमद उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की बुनियादी ज़रूरतों का ख्याल रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। माही इसी सोच के साथ लगातार सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। हम यहाँ किसी औपचारिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत की एक अनिवार्य ज़िम्मेदारी निभाने के लिए एकत्र हुए हैं। सर्दी का मौसम सबसे ज़्यादा असर हमारे बच्चों और ज़रूरतमंदों पर डालता है। ऐसे में अगर समाज का सक्षम वर्ग आगे बढ़कर मदद करे, तो यही मायने में ख़िदमत-ए-ख़ल्क़ व देशसेवा है।
मौलाना आज़ाद ह्यूमेन इनिशिएटिव का उद्देश्य सिर्फ़ सहायता करना नहीं, बल्कि आत्मसम्मान के साथ सहायता पहुँचाना है। ये बच्चे हमारा भविष्य हैं। इन्हें बेहतर शिक्षा, सुरक्षित माहौल और सम्मानजनक जीवन देना हम सबकी साझा ज़िम्मेदारी है।
मैं मदरसा मजहरुल उलूम के प्रबंधन, उलेमा-ए-किराम और माही की पूरी टीम का दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ, जिन्होंने इस मुहिम को सफल बनाया। इंशाअल्लाह, माही आगे भी इसी तरह समाज के हर ज़रूरतमंद तबके तक अपनी पहुँच बनाए रखेगी
कार्यक्रम के अंत में मदरसा प्रशासन ने माही की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
