Ranchi: डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल,राँची की प्राथमिक शाखा में आज कक्षा III से V के विद्यार्थियों के बीच अंतर-सदनीय इंग्लिश कविता पाठ प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, अंग्रेज़ी उच्चारण में निपुणता लाना तथा साहित्यिक अभिरुचि का विकास करना था।
चारों सदनों के प्रतिभागियों ने अत्यंत प्रभावी मंच कौशल,स्पष्ट उच्चारण, सुगठित अभिव्यक्ति तथा मनमोहक प्रस्तुति के साथ प्रसिद्ध अंग्रेज़ी कविताओं का वाचन कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। बच्चों की रचनात्मकता और तैयारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन वरिष्ठ शिक्षिकाओं अनुपमा रानी एवं रंगना बनर्जी द्वारा किया गया। निर्णायकों ने वॉइस मॉड्यूलेशन, स्पष्टता, प्रस्तुति एवं संपूर्ण प्रभाव के आधार पर अंक प्रदान किए और बच्चों के उत्साह की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
परिणाम: प्रथम स्थान -आनंद स्वामी सदन, द्वितीय स्थान-दयानंद सदन, तृतीय स्थान-श्रद्धानंद सदन, कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी बिपिन राय ने अपने संदेश में कहा कि कविता वाचन जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राथमिक शाखा प्रभारी अनुपमा रानी ने भी सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रयासों तथा शिक्षकों द्वारा प्रदान किए गए समर्पित मार्गदर्शन की सराहना की।उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की भाषा-शुद्धि, साहित्यिक रुचि और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को विकसित करने में अत्यंत सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों, निर्णायकों और सहयोगी शिक्षकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। प्रतियोगिता बच्चों की प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन रही और अंग्रेज़ी साहित्य के प्रति उनकी रूचि को और अधिक सुदृढ़ करने में सफल सिद्ध हुई।
इस अवसर पर शीला रमेश,संगीता कश्यप, शालनी प्रसाद,सुलोचना शर्मा,संजीता मित्रा, सलोनी,इतु,बबिता गुप्ता सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
