साईं नाथ विश्वविद्यालय, राँची के डिप्लोमा इन मैकेनिकल इंजीनियरिंग कार्यक्रम ने एक बार फिर उत्कृष्टता का चमकता अध्याय लिखा है। विश्वविद्यालय के 25 प्रतिभाशाली छात्रों का चयन प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठान ओरियंट क्राफ्ट, राँची में हुआ है।
यह उपलब्धि विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, परिश्रम और विश्वविद्यालय के उद्योग-सम्बद्ध प्रशिक्षण मॉडल का परिणाम है।
कैंपस सिलेक्शन प्रक्रिया में ओरियंट क्राफ्ट के एचआर श्री रवि भूषण की उपस्थिति ने चयन प्रक्रिया को और भी पारदर्शी व पेशेवर बनाया। उन्होंने छात्रों के तकनीकी कौशल, व्यावहारिक समझ और औद्योगिक वातावरण में अनुकूलन क्षमता की सराहना की।
चयनित छात्रों को 300000/- (तीन लाख रूपये) प्रति वर्ष का वार्षिक वेतन पैकेज प्रदान किया गया है। यह चयन कम्पनी द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने तकनीकी परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति- प्रो० (डॉ०) एस० पी० अग्रवाल ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि- ओरियंट क्राफ्ट जैसे प्रतिष्ठित और सुविख्यात उद्योग में हमारे 25 मैकेनिकल डिप्लोमा छात्रों का चयन होना विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह उपलब्धि न केवल छात्रों की मेहनत एवं कौशल का परिणाम है, बल्कि उद्योगों के साथ मजबूत सहयोग तथा गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।
कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव के सफल संचालन में इंजीनियरिंग विभाग के प्राचार्य- डॉ० अहसन रब्बानी, प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर- डॉ० वीरेन्द्र गोस्वामी, सहायक कुलसचिव- श्री सुबोध सिन्हा, विभागाध्यक्ष- श्री एनुल हक आदि का सराहनीय योगदान रहा।
