रांची। शुक्रवार का दिन राज्य के वकीलों के लिए बड़ी सौगात लेकर आया. राज्य सरकार के महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अधिवक्ता स्वास्थ्य सुरक्षा योजना अन्तर्गत लाभुक अधिवक्ताओं के ऑनलाइन फॉर्म भरने हेतु कर्मचारी राज्य बीमा योजना पोर्टल का विधिवत उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम में राज्य के अधिवक्ताओं और हाईकोर्ट में सरकार के लिए पक्ष रख रहे वकीलों ने हिस्सा लिया. वकीलों के लिए शुरू हुई इस योजना के प्रथम चरण में झारखंड अधिवक्ता कल्याण निधि न्यासी समिति के अंतर्गत निबंधित कुल 15000 अधिवक्ताओं को शामिल किया गया है. कार्यक्रम में योजना के सभी मुख्य लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके साथ ही ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए डेमो का प्रदर्शन भी किया गया. सभी 15000 निबंधित अधिवक्ता पोर्टल में रजिस्टर करके, login करने के बाद अपने और अपने परिवार का सम्पूर्ण विवरण भर सकते है. कार्यक्रम में मेडिकल इंश्योरेंस कमेटी के चेयरमैन और अपर महाधिवक्ता आशुतोष आनंद, सीनियर स्टेंडिंग काउंसिल अशोक कुमार यादव, सरकारी अधिवक्ता मनोज कुमार समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे.
