Ranchi: रोटरी क्लब रांची द्वारा शनिवार को कांके रोड स्थित शाहदेव हाउस में भव्य दीवाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। दीपों की जगमग रोशनी और रंगोली की सुंदर सजावट से सजे इस आयोजन में सदस्यों और उनके परिवार के लोगों ने उल्लास व आपसी सौहार्द के साथ त्योहार की खुशियां मनाई।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद गीत-संगीत, नृत्य और मनोरंजक खेलों की झड़ी लग गई। बच्चों ने पारंपरिक खेलों से माहौल को जीवंत बना दिया, वहीं बड़ों ने सुरों और ताल पर थिरककर आनंद को और बढ़ा दिया। तंबोला और लक्की ड्रा कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह का रंग भर दिया। तंबोला का संचालन रविन्द्र सिंह चड्ढा ‘डिंपी’ ने किया। बंपर हौजी ड्रॉ की विजेता सुषमा साबू रहीं, जबकि लक्की ड्रा का पुरस्कार गिरीश अग्रवाल ने जीता। इस मौके पर इको-फ्रेंडली दीपावली का संदेश भी दिया गया। सदस्यों ने अपील की कि दीपों का त्योहार सुरक्षित, संयमित व स्वच्छ तरीके से मनाएं।
क्लब अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि यह समाजसेवा और सकारात्मकता का भी प्रतीक है। हमें जरूरतमंदों के जीवन में भी रोशनी फैलाने का संकल्प लेना चाहिए। क्लब की सचिव भावना तनेजा ने कहा कि दीपावली हमें खुशियों के साथ-साथ स्वच्छता और पर्यावरण-संरक्षण का संदेश भी देती है। उन्होंने आग्रह किया कि हर व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को प्राथमिकता बनाए। समारोह के दौरान बनाई गई रंग-बिरंगी रंगोलियों और पारंपरिक सजावट ने सभी का मन मोह लिया। उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर और शुभकामनाएँ देकर दीपावली की उमंग को और बढ़ाया। कार्यक्रम के अंत में स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए सभी ने मिलजुलकर सामूहिक सौहार्द का परिचय दिया।
