ओरमांझी:भगवान बिरसा जैविक उद्यान चकला ओरमांझी में 3 से 8 अक्टूबर तक आयोजित वन्यजीव सप्ताह ने एक बार फिर पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सप्ताह भर चलने वाले आयोजन में विभिन्न स्कूलों के छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिसमें डीएवी चैतन्य स्कूल मुन्ना पतरा चकला ओरमांझी की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस वर्ष के वन्यजीव सप्ताह में डीएवी चैतन्य स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। कक्षा 9 की छात्रा राशि कुमारी ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एवं कक्षा 6 की तारा तृप्ति रानी ने दूसरा स्थान हासिल कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी चित्रकला में वन्य जीवों के संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश स्पष्ट रूप झलक रहा था। वहीं स्कूल के सचिव पूनम दुबे ने कहा कि भगवान बिरसा जैविक उद्यान में डीएवी चैतन्य स्कूल की छात्राओं की उपलब्धियां इस बात का प्रतीक हैं कि आगे की युवा पीढ़ी न केवल प्रतिभाशाली है,बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति भी संवेदनशील है। यह आयोजन रांची के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को और बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
