रांची। “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी” अभियान के तहत विकसित भारत 2047 मैराथन का आयोजन आगामी 12 अक्टूबर 2024 को रांची में किया जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वदेशी संकल्प के आह्वान पर आयोजित यह मैराथन रांची का एक ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है, जिसमें लगभग 25,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
यह मैराथन झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित की जा रही है, जिसमें केवल खिलाड़ी ही नहीं बल्कि समाज के सभी वर्ग— विद्यार्थी, स्वयंसेवक, महिलाएं, माताएं, बहनें, सामाजिक संगठन और आम नागरिक—अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
आज माननीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद श्री संजय सेठ ने अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि— यह केवल दौड़ नहीं, बल्कि स्वदेशी के प्रति हमारे संकल्प को और दृढ़ बनाने वाला ऐतिहासिक अभियान है। मैं रांचीवासियों से आह्वान करता हूं कि वे स्वदेशी के इस संकल्प को सशक्त करने के लिए मैराथन में अवश्य भाग लें।
मैराथन मार्ग: मोराबादी मैदान से प्रारंभ होकर यह दौड़ एसएसपी आवास, कांके रोड, प्रेमसंस मोटर्स, श्याम प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय होते हुए पुनः मोराबादी मैदान पर संपन्न होगी। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठन जैसे मारवाड़ी युवा मंच, माहेश्वरी सभा आदि पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का अभिनंदन करेंगे। सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट, प्रमाणपत्र एवं अल्पाहार भी प्रदान किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “आत्मनिर्भर भारत” और “स्वदेशी अपनाओ” अभियान को जन-जन तक पहुँचाना है। रांची के सभी वर्गों में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, और अब तक हजारों प्रतिभागी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
इस अवसर पर उपस्थित झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक ने कहा की — झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन राज्य में खेलों के विकास के प्रति समर्पित है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को एक नया मंच और प्रेरणा मिलेगी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री वरुण साहू ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि—
यह मैराथन स्वदेशी की भावना को जन-जन में प्रज्वलित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। इस अवसर पर झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्री शिवेंद्र दुबे एवं श्री उदय साहू भी उपस्थित थे।
