Ranchi: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्रीमती अलका तिवारी को भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन से राज्य सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में मदद मिली है। मुख्यमंत्री ने उनके सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमती तिवारी ने सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया।
निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी बनेंगी राज्य निर्वाचन आयुक्त, CM हेमंत सोरेन ने की घोषणा

रांची: झारखंड सरकार ने निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी को राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्त करने का फैसला लिया है। अलका तिवारी आज यानी 30 सितंबर (मंगलवार) को सेवानिवृत्त हो गईं। इस अवसर पर शाम 5 बजे प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
विदाई समारोह के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की कि अलका तिवारी राज्य की अगली निर्वाचन आयुक्त होंगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा। बता दें कि पूर्व मुख्य सचिव डीके तिवारी के कार्यकाल समाप्त होने के बाद से राज्य निर्वाचन आयुक्त का पद खाली पड़ा हुआ था।
