रांची: रांची विश्वविद्यालय, रांची के अंतर्गत बी.एड. सत्र 2024–2026 के प्रशिक्षु शिक्षकों की अंतिम (फाइनल) परीक्षा आज 14 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो गई, जो 23 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। परीक्षा के प्रथम दिन गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज (इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज़ इन एजुकेशन-IASE), कांके, रांची के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रमण कुमार झा ने अपने महाविद्यालय के प्रशिक्षु शिक्षकों के परीक्षा केंद्र फातमा टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज रांची पहुँचकर प्रशिक्षु शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें सफल एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर डॉ. रमण कुमार झा ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय अपनी शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप नियमित रूप से परीक्षाओं का आयोजन कर रहा है। यह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिबद्धता का प्रमाण है। समयबद्ध परीक्षा एवं परिणाम से विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित होता है तथा उनमें विश्वास और उत्साह का संचार होता है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे सभी प्रशिक्षु शिक्षक उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक प्रो. भगीरथ आर्य ने कहा कि नियमित परीक्षा व्यवस्था विद्यार्थियों में अनुशासन, समयबद्धता और अध्ययन के प्रति गंभीरता को बढ़ाती है। यह सुखद है कि रांची विश्वविद्यालय लगातार अपने शैक्षणिक कैलेंडर का पालन कर रहा है। सभी प्रशिक्षु शिक्षकों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देनी चाहिए।
सहायक प्राध्यापक डॉ. ओम प्रकाश ने अपने संदेश में कहा कि बी.एड. की अंतिम परीक्षा प्रत्येक प्रशिक्षु शिक्षक के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह केवल ज्ञान का मूल्यांकन नहीं, बल्कि एक सक्षम, संवेदनशील और उत्तरदायी शिक्षक बनने की दिशा में निर्णायक कदम है। सभी प्रशिक्षु शिक्षक सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं पूर्ण तैयारी के साथ परीक्षा दें और उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करें।
परीक्षा के प्रथम दिन प्रशिक्षु शिक्षकों में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला। उन्होंने रांची विश्वविद्यालय द्वारा समयबद्ध एवं नियमित परीक्षा संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनका शैक्षणिक सत्र निर्धारित समय पर पूर्ण होगा तथा आगे की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योजनाओं को गति मिलेगी।
