जीवन का एक नया पड़ाव शुरू हुआ है। इसे मात्र सेवानिवृत्ति न समझें, बल्कि जीवन का एक नया चरण मानें: उपायुक्त
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय भवन, ब्लॉक-ए में आज *पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह* का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिला के सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि शिक्षक सम्मान सह सेवानिवृत्ति दरबार लगातार 22 महीनों से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन शिक्षकों को सम्मानित करना है जो समाज के भविष्य के निर्माता हैं और बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “आप लोगों को सम्मानित करके हमें अत्यंत गर्व और हर्ष की अनुभूति हो रही है। आपने समाज को जो योगदान दिया है, वह सराहनीय है।”
उपायुक्त ने बताया कि सेवानिवृत्ति के समस्त लाभ सेवानिवृत्ति के ही दिन समय पर दिए जा रहे हैं। आज भी सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके सेवानिवृत्ति लाभ तत्काल उपलब्ध कराए गए। उन्होंने इस व्यवस्था के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक तथा उनकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे राज्य में अनूठा है और ये राँची जिले में ही नियमित रूप से हो रहा है। शिक्षा विभाग की पूरी टीम को उन्होंने साधुवाद दिया।
सेवानिवृत्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि 30-35 वर्षों की दीर्घ सेवा के बाद अब आपके जीवन का एक नया पड़ाव शुरू हुआ है। इसे मात्र सेवानिवृत्ति न समझें, बल्कि जीवन का एक नया चरण मानें। अब आपके पास अपने लिए, परिवार और समाज के लिए समय निकालने का अवसर है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए अवश्य निकालें ताकि स्वस्थ रह सकें। साथ ही अपने अनुभव को समाज और बच्चों तक पहुँचाने का कार्य जारी रखें।
उपायुक्त ने युवा पीढ़ी पर मोबाइल के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी मोबाइल पर अधिक समय व्यतीत कर रही है, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। सेवानिवृत्त शिक्षक युवाओं का मार्गदर्शन करें ताकि वे जागरूक रहें। उन्होंने समाज के वंचित एवं शोषित वर्ग के बच्चों को शिक्षित करने तथा एक समृद्ध एवं भव्य समाज के निर्माण में अपना योगदान जारी रखने की अपील की। उपायुक्त ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से शुभकामनाएँ दीं।
