-
पीआईबी रांची द्वारा दूरदर्शन केंद्र रांची में आयोजित हुई अन्तर माध्यम प्रचार समन्वय समिति की बैठक
-
दूरदर्शन, यूआईडीएआई, सीसीएल, एनटीपीसी, रेलवे और नाबार्ड समेत विभिन्न संस्थानों ने साझा की उपलब्धियां
-
स्थानीय भाषाओं, डिजिटल मंचों और आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनसंचार को प्रभावी बनाने पर चर्चा
Ranchi: 15 मई 2026 को दूरदर्शन केंद्र, रांची में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) रांची द्वारा अन्तर माध्यम प्रचार समन्वय समिति (आईएमपीसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पीआईबी रांची/भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक श्री अखिल कुमार मिश्रा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
दूरदर्शन रांची के समाचार संपादक एवं समिति के नोडल अधिकारी श्री गौरव कुमार पुष्कर ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए प्रतिनिधियों का स्वागत किया।
श्री अखिल कुमार मिश्रा ने विभिन्न संस्थानों के बीच समन्वय, संवाद और साझा कार्यप्रणाली को प्रभावी जनसंचार के लिए आवश्यक बताया। पीआईबी एवं सीबीसी रांची के कार्यालय प्रमुख श्री राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि बैठक का उद्देश्य केंद्रीय संस्थानों के बीच समन्वय और जनसंपर्क व्यवस्था को मजबूत करना है।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, रांची इकाई के अधीक्षक श्री शारिक उमर ने बताया कि वर्ष 2026 में ब्यूरो ने पांच बड़ी कार्रवाई कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
दूरदर्शन रांची के कार्यक्रम प्रमुख श्री अमित कुमार ने कहा कि दूरदर्शन स्थानीय भाषाओं में धारावाहिक और विशेष कार्यक्रम प्रसारित कर रहा है। उन्होंने बताया कि दूरदर्शन की सामग्री को विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर पांच मिलियन से अधिक बार देखा गया है। लोक कथाओं पर आधारित वृत्त-नाट्य तैयार किए जा रहे हैं तथा आधुनिक उपकरणों के उपयोग से कार्यक्रम निर्माण किया जा रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में दूरदर्शन ने लगभग तीन करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।
माय भारत झारखंड की राज्य निदेशक श्रीमती ललिता कुमारी ने विकसित भारत यंग लीडर संवाद, युवा संसद कार्यक्रम और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
सीसीएल के प्रतिनिधि श्री मनीष तिवारी ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में सीसीएल ने 82.2 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया। सीएसआर मद में लगभग 79 करोड़ रुपये व्यय किए गए। ‘सीसीएल के लाल-लाडली’ योजना के तहत विद्यार्थियों को कोचिंग सुविधा दी जा रही है तथा पांच हजार विद्यार्थियों की क्षमता वाला पुस्तकालय बनाया जा रहा है। उन्होंने पशु एम्बुलेंस सेवा की जानकारी भी दी।
यूआईडीएआई के क्षेत्रीय निदेशक श्री नीरज कुमार ने बताया कि झारखंड में आधार सेवाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन प्राप्त किया जा चुका है तथा 44 हजार विद्यालयों की नियमित निगरानी की जा रही है।
रांची रेल मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अभिजीत बिस्वास ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। गोविंदपुर रोड स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है तथा अयोध्या के लिए नई रेल सेवा शुरू की गई है।
नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक श्री आनंद कुमार ने बताया कि चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि जारी की गई है तथा प्रथम चरण में 1500 पैक्स कार्यालयों का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है।
एनटीपीसी की कॉरपोरेट संचार कार्यकारी सुश्री मोहिनी कुमारी ने बताया कि नॉर्थ कर्णपुरा परियोजना में एसीसी तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। सीएसआर के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क निर्माण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक में रांची आकाशवाणी केंद्र के उप महानिदेशक सह कार्यालय प्रमुख डीसी हेम्ब्रम, दूरदर्शन रांची की सहायक अभियंता श्रीमती बिलचन मिन्ज, आकाशवाणी रांची की समाचार संपादक श्रीमती महविश रहमान, कार्यक्रम अधिशासी श्री प्रभु शरण सहित विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए विचार-विमर्श किया।
